झारखंड के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 9 हजार करोड़ की 1650 योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन बोले- 2050 तक झारखंड को देश के विकसित एवं अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा करना लक्ष्य
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर शनिवार को रांची के खेलगांव में भव्य समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने समारोह में करीब 9 हजार करोड़ रुपये की 1650 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इनमें 5,941.86 करोड़ रुपये की लागत से 823 योजनाओं का शिलान्यास तथा 3,155.73 करोड़ रुपये की लागत से 820 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 वर्षों का झारखंड संघर्ष और अनेक उतार-चढ़ाव पार कर आगे बढ़ा है। राज्य को वर्ष 2050 तक देश के विकसित एवं अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना सरकार का लक्ष्य है। इसके लिए युवाओं की भागीदारी, शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के 50 लाख से अधिक परिवारों तक प्रतिमाह कम से कम 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहुंच रही है। महिलाएं इस राशि से स्वरोजगार और छोटे व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जमीनी हकीकत, गरीबी और शिक्षा के स्तर को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रही है।
शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थी भोजन की चिंता छोड़ पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और उन्हें हुनरमंद बनाने का प्रयास भी जारी है।
मुख्यमंत्री ने जल, जंगल और जमीन को झारखंड की जीवनरेखा बताते हुए इनके संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य की प्राकृतिक संपदा को सुरक्षित रखकर आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य देना जरूरी है। समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं, वीरता, खेल, कला और शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाले पुलिसकर्मियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों, कलाकारों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ‘द झारखंड प्रिजन जर्नल-2025’ पुस्तिका का विमोचन तथा वन विभाग की फिल्म ‘अरण्य’ का प्रदर्शन भी किया गया।
बॉक्स 1
*इस अवसर पर इनकी रही उपस्थिति..*
*मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री श्री दीपक विरुआ, मंत्री श्री चमरा लिंडा, मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री डॉ० इरफान अंसारी, मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय, सिंह, मंत्री श्री योगेन्द्र प्रसाद, मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिकी, सांसद राज्य सभा श्रीमती महुआ माजी, महापौर रांची श्रीमती रोशनी खलखो,विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, विधायक श्री सुरेश कुमार बैठा, विधायक श्रीमती ममता देवी, झारखण्ड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश, राज्य के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, विकास आयुक्त श्री अजय कुमार सिंह, राज्य सरकार के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, वरीय पुलिस अधिकारीगण, राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे
बॉक्स 2
*उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला सम्मान*
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्र के लोगों को सम्मानित किया गया। इसमें मुख्य रूप सेपुलिस पदाधिकारी व जवानों को पुलिस सेवा के लिए झारखंड मुख्यमंत्री पदक से अलंकृत किया गया। वहीं राज्य के विभिन्न जिलों में विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी, कर्मी, खिलाड़ी और कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।इसके अलावा मैट्रिक, इंटर, इंजीनियरिंग आदि परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि, लैपटॉप आदि से सम्मानित किया गया।