हवाई हमले की आशंका से निपटने को जमशेदपुर में मॉक ड्रिल, 17 घायलों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से शनिवार को जमशेदपुर स्थित रेड क्रॉस भवन में जिला प्रशासन की ओर से मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान काल्पनिक हवाई हमले की स्थिति बनाकर बचाव अभियान का व्यावहारिक अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान रेड क्रॉस भवन पर हवाई हमले की सूचना प्रसारित की गई और 17 लोगों के घायल होने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। इनमें करीब आधा दर्जन लोगों को गंभीर रूप से घायल दिखाया गया। सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस की टीम सक्रिय हुई और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
इस अभ्यास के जरिए आपातकालीन सूचना मिलने पर विभिन्न विभागों की तत्परता, बचाव दल की कार्यक्षमता, प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था और अस्पतालों तक घायलों को पहुंचाने की तैयारियों का आकलन किया गया। साथ ही आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और आपसी तालमेल की भी जांच की गई। मॉक ड्रिल का उद्देश्य वास्तविक संकट के समय जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए प्रशासनिक तैयारियों को मजबूत करना था।