पढ़ाई के लिए सप्ताह भर पहले आई युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
गम्हरिया के जमालपुर के बाबू टोला स्थित किराए के मकान में 24 वर्षीय अंजली बेसरा का शव पंखे से लटका मिला। वह चांडिल के भुईंयाडीह की रहने वाली थी और पढ़ाई करने के लिए करीब एक सप्ताह पहले ही यहां रहने आई थी।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर आदित्यपुर पुलिस पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को उतारकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई, जिसके बाद वे भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, युवती ने आत्महत्या क्यों की, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।

