टाटा समूह का सत्ता संघर्ष हाईकोर्ट पहुंचा, चंद्रशेखरन की कुर्सी पर संकट
नोएल टाटा के नेतृत्व वाले दो ट्रस्टों ने पुनर्नियुक्ति को दी चुनौती, 65 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग; 30 नवंबर की बोर्ड बैठक से पहले बढ़ा टकराव
मृत्युंजय बर्मन
राष्ट्र संवाद, जमशेदपुर/मुंबई
टाटा समूह के शीर्ष नेतृत्व और नियंत्रण को लेकर जारी टकराव अब खुली कानूनी लड़ाई में बदल गया है। टाटा ट्रस्ट्स के अध्यक्ष नोएल टाटा के नेतृत्व वाले सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट ने 26 नवंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट में टाटा संस के खिलाफ मुकदमे दायर कर एन. चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को चुनौती दी है। दोनों ट्रस्टों ने कुल 65 करोड़ रुपये हर्जाने और 18 प्रतिशत वार्षिक ब्याज की मांग की है। अदालत में मामले की सुनवाई 27 नवंबर को प्रस्तावित है।
विवाद की जड़ 17 सितंबर को हुई टाटा संस बोर्ड बैठक है, जिसमें चंद्रशेखरन को मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने के बाद अगले पांच वर्षों के लिए फिर कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित हुआ था। ट्रस्टों का आरोप है कि कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के अनुच्छेद 121 के तहत इस फैसले के लिए ट्रस्ट-नामित निदेशकों का सकारात्मक मत अनिवार्य था। नोएल टाटा ने प्रस्ताव का विरोध किया, जबकि दूसरे नामित निदेशक वेणु श्रीनिवासन ने समर्थन किया। इसके बावजूद बैठक की अध्यक्षता कर रहे हरीश मनवानी ने निर्णायक मत का इस्तेमाल कर प्रस्ताव पारित घोषित कर दिया। ट्रस्ट इसे नियमों के विरुद्ध बता रहे हैं। टाटा संस का पक्ष है कि प्रस्ताव वैध तरीके से पारित हुआ।
दोनों ट्रस्टों ने अदालत से पुनर्नियुक्ति के प्रस्ताव पर अमल रोकने और ट्रस्ट-नामित निदेशकों में असहमति की स्थिति में चेयरमैन को निर्णायक मत इस्तेमाल करने से रोकने की मांग की है।
मामले का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है कि 30 नवंबर को टाटा संस की बोर्ड बैठक होनी है। इसमें कंपनी की संभावित शेयर बाजार में लिस्टिंग और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की लगभग 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है। ऐसे में यह विवाद केवल चंद्रशेखरन के कार्यकाल का नहीं, बल्कि समूह के नियंत्रण, निर्णय प्रक्रिया और भविष्य की कारोबारी दिशा का भी सवाल बन गया है।

