*नियोजन के लिए चयनित युवाओं को काम से रोकने पर तनाव, ग्रामीणों का प्रदर्शन
राष्ट्र संवाद संवाददाता, नरवा पहाड़
नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट से सटे प्रभावित गांव हितकु में रोजगार को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। यूसिल प्रबंधन की ओर से कंपनी में योगदान के लिए हरी झंडी मिलने के बावजूद सात चयनित स्थानीय युवाओं को कथित तौर पर कुछ अन्य युवाओं द्वारा काम करने से रोके जाने का मामला सामने आया है। इससे क्षेत्र में टकराव की आशंका बढ़ गई है।
इस मामले के विरोध में हितकु के ग्रामीणों ने माइंस गेट के समक्ष प्रदर्शन कर जिला पुलिस प्रशासन और यूसिल प्रबंधन से चयनित युवाओं को सुरक्षा देने की मांग की। संघर्ष समिति के सात सदस्यों राकेश सिंह, राधा भक्त, बायला माझी, सुमित कुमार, कमल दास, श्रीनिवास मुखी और बलिया माझी को कंपनी में योगदान की अनुमति मिलने की बात कही गई है। ग्रामीणों का कहना है कि रोजगार से रोकने के कारण प्रभावित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है। इससे बच्चों की पढ़ाई और परिवार के भरण-पोषण पर भी असर पड़ रहा है।
पीड़ित युवाओं राकेश सिंह, सुमित कुमार, बायला माझी और राधा भक्त ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और सुरक्षित माहौल में काम करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

