कोयला खदान के लिए ग्रामीणों से टकराव क्यों? विकास के नाम पर किसकी जमीन और किसका भविष्य दांव पर?
देवानंद सिंह
झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड में प्रस्तावित कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोयला खदान परियोजना को लेकर हुआ संघर्ष राज्य सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों के विरोध के दौरान 12 पुलिसकर्मियों का घायल होना दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस पर पथराव, अधिकारियों के साथ मारपीट और किसी को बंधक बनाने की कार्रवाई किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हो सकती। कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। लेकिन इस घटना का दूसरा पहलू भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जिस पर सत्ता और प्रशासन को जवाब देना होगा। आखिर ग्रामीण इस परियोजना का विरोध क्यों कर रहे हैं?
झारखंड की पहचान केवल खनिज संपदा से नहीं, बल्कि उसकी जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता से भी है। विडंबना देखिए कि जिस राज्य की धरती से देश की औद्योगिक और ऊर्जा जरूरतों के लिए खनिज निकाले जाते हैं, उसी राज्य के अनेक इलाकों में स्थानीय आबादी आज भी विस्थापन, बेरोजगारी, प्रदूषण और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रही है। ऐसे में जब किसी नई खदान की योजना सामने आती है तो ग्रामीणों के मन में आशंकाएं पैदा होना स्वाभाविक है। उनकी जमीन का क्या होगा? खेती और आजीविका का विकल्प कौन देगा? पर्यावरण को होने वाले नुकसान की भरपाई कौन करेगा? विस्थापित परिवारों के भविष्य की जिम्मेदारी कौन लेगा?
हरियाणा पावर जनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड को आवंटित कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोयला खदान के सर्वेक्षण के दौरान जो कुछ हुआ, वह प्रशासनिक संवाद की विफलता की ओर भी संकेत करता है। कंपनी के महाप्रबंधक को ग्रामीणों द्वारा बंधक बनाए जाने और उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप गंभीर है। पुलिस को उन्हें छुड़ाने जाना पड़ा और इस दौरान हिंसक झड़प हुई। लेकिन सवाल यह है कि जब परियोजना को लेकर विरोध की स्थिति पहले से थी, तो प्रशासन ने तनाव कम करने के लिए क्या प्रयास किए थे? क्या ग्रामीणों की आशंकाओं को दूर करने के लिए पर्याप्त संवाद हुआ था? क्या ग्रामसभा में केवल परियोजना की जानकारी देने की औपचारिकता निभाई गई या लोगों की बात भी गंभीरता से सुनी गई?
ग्रामसभा लोकतंत्र की जमीनी इकाई है, कोई सरकारी खानापूर्ति का मंच नहीं। पांचवीं अनुसूची के क्षेत्रों में लागू संवैधानिक प्रावधानों, पेसा कानून और वनाधिकार कानून के तहत ग्रामसभा के अधिकारों तथा संबंधित वैधानिक प्रक्रियाओं का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है। विकास परियोजनाओं के नाम पर इन अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इस परियोजना के लिए आवश्यक स्वीकृतियां क्या हैं, ग्रामसभा की प्रक्रिया किस तरह पूरी हुई और ग्रामीणों की आपत्तियों पर क्या निर्णय लिया गया?
यह भी समझना होगा कि विकास और स्थानीय जनता के अधिकार एक-दूसरे के विरोधी नहीं होने चाहिए। कोयला उत्पादन बढ़ाना देश की ऊर्जा जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है, लेकिन इसकी कीमत स्थानीय लोगों की जमीन, संस्कृति, पर्यावरण और भविष्य से नहीं वसूली जा सकती। यदि खदान से सरकार और कंपनी को लाभ मिलता है, तो उस क्षेत्र के लोगों को भी सम्मानजनक रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, पुनर्वास और सुरक्षित भविष्य का अधिकार मिलना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से टकराव के बजाय संवाद का रास्ता अपनाने और ग्रामीणों की आपत्तियों को सुनने की अपील की है। यह समय राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने का है। राज्य सरकार को निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई हो, लेकिन ग्रामीणों की वास्तविक शिकायतों को भी नजरअंदाज न किया जाए। प्रशासन यह भी सुनिश्चित करे कि विरोध करने वाले निर्दोष ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित न किया जाए।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि झारखंड में विकास का मॉडल आखिर किसके हित में तैयार हो रहा है? क्या यहां की जमीन से निकलने वाला कोयला राज्य की समृद्धि बढ़ाएगा या एक बार फिर स्थानीय लोगों को विस्थापन और संघर्ष की विरासत सौंप जाएगा? सरकार को याद रखना चाहिए कि खदानों से कोयला निकाला जा सकता है, लेकिन जनता का विश्वास एक बार टूट जाए तो उसे वापस हासिल करना आसान नहीं होता।
दुमका की घटना को केवल पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प मानकर फाइलों में बंद करना बड़ी भूल होगी। यह सरकार के लिए चेतावनी है कि विकास की योजनाएं जनता की सहमति, विश्वास और अधिकारों को केंद्र में रखकर बनाई जाएं। क्योंकि विकास वह नहीं, जिसमें जमीन तो खोद ली जाए, लेकिन वहां रहने वाले लोगों का भविष्य अंधकार में डूब जाए।

