खूंचीडीह ग्राम सभा ने लिफ्ट अफ्लक्स बंड निर्माण प्रस्ताव को फिर ठुकराया
*25 नवंबर को प्रस्तावित ग्राम सभा पर उठाए सवाल, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जाने की चेतावनी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
खरकई बराज परियोजना के तहत लिफ्ट अफ्लक्स बंड निर्माण को लेकर दुग्धा पंचायत के खूंचीडीह ग्राम सभा और प्रखंड प्रशासन के बीच विवाद गहरा गया है। ग्राम सभा ने प्रशासन पर अपने पूर्व निर्णय की अनदेखी और संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए स्पष्ट किया है कि खारिज किए जा चुके प्रस्ताव को दोबारा थोपने की कोशिश हुई तो वह उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी।
मामले में बीडीओ, गम्हरिया की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी पत्रांक 1389 के माध्यम से ग्राम प्रधान को 25 नवंबर को सुबह 11 बजे ग्राम सभा आयोजित करने का निर्देश दिया गया था। कार्यपालक अभियंता, खरकई नहर प्रमंडल, आदित्यपुर के पत्र के आलोक में यह बैठक सरकारी भूमि पर निर्माण कार्य शुरू करने और रैयती भूमि के भू-अर्जन की प्रक्रिया को लेकर बुलाई गई थी।
इसके जवाब में ग्राम प्रधान बीरबल माझी ने 23 नवंबर को पत्रांक बीएसजीएस/04/2026 के तहत बीडीओ को पुनः स्मरण पत्र सौंपा। इसमें कहा गया है कि जल संसाधन विभाग के इसी प्रस्ताव पर 29 अक्टूबर 2023 को ग्राम सभा में विस्तार से चर्चा हुई थी। तब ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव को खारिज कर दिया था।
ग्राम सभा का कहना है कि पूर्व में लिए गए निर्णय के बावजूद उसी विषय पर दोबारा बैठक बुलाना ग्राम सभा की स्वायत्तता और अधिकारों की अवहेलना है। ग्राम प्रधान ने संविधान के अनुच्छेद 243, 244(1), पांचवीं अनुसूची और पेसा कानून का हवाला देते हुए प्रशासन से पूर्व निर्णय का सम्मान करने तथा प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की कार्रवाई रोकने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध न्यायालय में संवैधानिक उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान सह माझी बाबा बीरधान माझी, संग्राम मार्डी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

