जामशोला चेकनाका पर 44 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बहरागोड़ा
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एनएच-49 स्थित जामशोला चेकनाका पर वाहन जांच के दौरान 44 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल सफेद रंग की जाइलो कार (ओडी02जेड-8532) भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, कार की तलाशी के दौरान डिक्की से एक-एक किलो के 44 पैकेट गांजा बरामद किए गए। इसकी अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। मौके से 20,760 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड और एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के संबलपुर जिला निवासी भगवती साहू (40) और ध्रुव चरण बेहेरा (50) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने फूलबानी (कंधमाल) से गांजा लाकर खड़गपुर समेत अन्य स्थानों पर बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

