गुरु नानक के संदेशों से गूंजा शेन इंटरनेशनल
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
शेन इंटरनेशनल स्कूल में सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गुरु नानक की शिक्षाओं को गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। प्रस्तुतियों में ‘एक ओंकार’ के संदेश के साथ मानव समानता, प्रेम, शांति और भाईचारे पर विशेष जोर रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और गुरु नानक देव के जीवन परिचय से हुई। विद्यार्थियों ने उनके तीन प्रमुख सिद्धांतों—‘नाम जपना’, ‘किरत करनी’ और ‘वंड छकना’ का अर्थ समझाते हुए ईश्वर स्मरण, ईमानदार मेहनत और जरूरतमंदों के साथ साझा करने की भावना को जीवन का आधार बताया।
विद्यालय की प्राचार्या तंद्रिमा बनर्जी, प्रधानाध्यापिका सिमरन सग्गू और प्रशासिका जसपाल कौर ने कहा कि गुरु नानक की जयंती का वास्तविक उद्देश्य उनके विचारों को व्यवहार में उतारना है। उन्होंने विद्यार्थियों से करुणा, विनम्रता और निःस्वार्थ सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। मानवता की सेवा और सत्य के मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ समारोह संपन्न हुआ।

