सोने के आयात में 39.9% की गिरावट, सात महीने में 16.46 अरब डॉलर की बचत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोने की खरीदारी में संयम बरतने की अपील का सकारात्मक असर देश के आयात आंकड़ों में दिखाई देने लगा है। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के अनुसार, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान भारत का सोने का आयात घटकर 24.78 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 41.24 अरब डॉलर था। इस तरह आयात मूल्य में लगभग 39.9 प्रतिशत की गिरावट आई और आयात बिल 16.46 अरब डॉलर कम हुआ।
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल और राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव सुरेश सोंथालिया ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील को देशवासियों ने गंभीरता से लिया है। अक्टूबर 2026 में सोने का आयात 5.51 अरब डॉलर रहा, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 14.72 अरब डॉलर था। यानी सालाना आधार पर लगभग 62.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील व्यक्तिगत उपभोग में संयम और राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता देने की प्रेरणादायक पहल है। वहीं सोंथालिया ने कहा कि सोने का बड़ा हिस्सा आयात करना पड़ता है, जिससे विदेशी मुद्रा खर्च होती है। ऐसे में खरीदारी में संयम देश की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण योगदान है।
कैट के राष्ट्रीय चेयरमैन ब्रजमोहन अग्रवाल ने वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में भारत में सोने की कुल मांग 162 टन रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 29 प्रतिशत कम है। कैट का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026-27 में सोने का कुल आयात घटकर 35 से 40 अरब डॉलर रह सकता है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह लगभग 72 अरब डॉलर था।
कैट पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील नागरिकों में राष्ट्र प्रथम, आत्मनिर्भरता और जिम्मेदार उपभोग की भावना को मजबूत कर रही है।

