जमशेदपुर पहुंचे स्वामी रामदेव, बोले- सनातन था, है और रहेगा, यूपी में फिर आएगा योगी राज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। योग गुरु स्वामी रामदेव रविवार को जमशेदपुर पहुंचे। एग्रिको मैदान में पतंजलि योग समिति की ओर से आयोजित प्रांतीय महिला सम्मेलन में शामिल होकर उन्होंने योग, स्वस्थ जीवनशैली और सनातन धर्म पर अपने विचार रखे। उन्होंने लोगों से नियमित योगाभ्यास करने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही सनातन धर्म के नाम पर बढ़ते सामाजिक उन्माद और हिंसा पर चिंता जताते हुए कहा कि सनातन था, है और रहेगा।
कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय सहित पतंजलि योग समिति के पदाधिकारी, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वामी रामदेव ने कहा कि स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है और मानसिक शांति के साथ सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। योग को केवल विशेष आयोजनों तक सीमित न रखकर अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति और परंपरा की महत्वपूर्ण देन बताया।
सनातन धर्म को लेकर देश में चल रही बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि सनातन किसी व्यक्ति या संस्था तक सीमित नहीं है। उन्होंने लोगों से सनातन के नाम पर सामाजिक उन्माद और हिंसा से बचने की अपील की। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर की कथित टिप्पणी के संदर्भ में भी उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से प्रतिक्रिया दी, हालांकि किसी का नाम लेकर सीधा आरोप नहीं लगाया।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने सनातन को लेकर देश में बन रहे माहौल को उचित नहीं बताया। वहीं, पिछले 12 वर्षों तक इस विषय पर चुप रहने और अब अचानक टिप्पणी करने से जुड़े सवालों पर उन्होंने सीमित प्रतिक्रिया दी। उनके बयान को साधु-संतों की राजनीतिक बयानबाजी और सामाजिक ध्रुवीकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने किसी राजनीतिक दल या केंद्र सरकार पर सीधे टिप्पणी नहीं की।
पतंजलि उत्पादों पर प्रतिबंध लगाए जाने संबंधी सवाल पर स्वामी रामदेव ने ऐसी चर्चाओं को सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा भ्रम बताया। वहीं, उत्तर प्रदेश की राजनीति और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए कहा, “यूपी में फिर योगी राज आने वाला है। इसे कोई रोक नहीं सकता।”
सम्मेलन में योग, स्वास्थ्य, भारतीय संस्कृति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। स्वामी रामदेव के जमशेदपुर आगमन को लेकर आयोजन स्थल पर उत्साह का माहौल रहा। जनप्रतिनिधियों और आयोजकों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

