स्कूटी-बाइक की आमने-सामने टक्कर में भाजपा मंडल मंत्री की मौत, दो युवक घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर-कोवाली मुख्य मार्ग पर हाड़ियान गांव के समीप शनिवार अपराह्न स्कूटी और हीरो एचएफ डीलक्स बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार भाजपा के कोवाली मंडल मंत्री कृष्णा चंद्र महतो उर्फ सिदेश की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, झामुमो के वरिष्ठ नेता कमल लोचन महतो उर्फ रीड़ू महतो के पुत्र कृष्णा चंद्र महतो हल्दीपोखर साप्ताहिक हाट से स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर कोवाली थाना की सब इंस्पेक्टर अजंता महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल भिजवाया। कृष्णा चंद्र महतो को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोटका ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल बाइक सवार दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए टीएमएच भेजा गया। उनकी पहचान नहीं हो सकी है।

