मजदूरों के आंदोलन पर कार्रवाई की चेतावनी अनुचित : संजय गोराई
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
इफ्को मेटल्स एंड पावर्ड्स प्राइवेट लिमिटेड के गेट पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर जारी नोटिस पर भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ (बीकेएमएस-जेएलकेएम) ने आपत्ति जताई है। संघ के जिला अध्यक्ष संजय गोराई ने कहा कि मजदूर अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। ऐसे में वेतन कटौती और कार्रवाई की चेतावनी देना उचित नहीं है।
गोराई ने कहा कि मजदूरों की नियुक्ति, न्यूनतम मजदूरी, भविष्य निधि (पीएफ), कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआईसी) और रोजगार की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर प्रबंधन को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने आंदोलन को राजनीतिक करार देने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि श्रमिकों के अधिकारों से जुड़े विषयों को इस नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बीकेएमएस-जेएलकेएम मजदूरों की मांगों के समर्थन में उनके साथ खड़ा है। प्रबंधन को चेतावनी देने के बजाय श्रमिकों से संवाद कर समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए।

