जिला विधिक सेवा प्राधिकार की टीमें चयनित गांवों में घर घर जाकर नालसा सहित सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का करेगी प्रचार प्रसार : आर्या
राष्ट्र संवाद/ बेगूसराय
बेगूसराय में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश के आलोक में चयनित गांवों में 60 दिवसीय मेगा अवेयरनेस ड्राइव का शुभारंभ मटिहानी प्रखंड के रामदीरी पंचायत 04 स्थित रचियाही टोला के पंचायत भवन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री आर्य ने बताया कि अभियान के तहत अगले 60 दिनों तक जिला विधिक सेवा प्राधिकार की टीमें जिले के चिह्नित क्षेत्रों में घर घर जाकर नालसा की विभिन्न योजनाओं एवं सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार करेंगी। इस दौरान टीम के सदस्य ग्रामीणों से सीधा संवाद कर यह जानकारी प्राप्त करेंगे कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं तथा पात्र लाभार्थी किन्हीं कारणों से योजनाओं के लाभ से वंचित तो नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस मेगा अवेयरनेस ड्राइव का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के तहत मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आयुष्मान भारत योजना वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी जाएगी। कार्यक्रम में रचियाही टोला के सरपंच प्रतिनिधि एवं मुखिया ने भी संयुक्त रूप से सहभागिता निभाई। मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की टीम के सदस्य मुरारी कुमार अनमोल कुमार राम विनोद कुमार एवं आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

