
*दाबांकी में 140 व्यंजनों का भोग लगाकर हुई मां जगधातृ की आराधना
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
भारत सेवाश्रम संघ, दाबांकी में बुधवार को मां जगधातृ की पूजा श्रद्धा और धूमधाम के साथ शुरू हुई। पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बतौर मुख्य अतिथि विधायक संजीव सरदार ने मां को लगभग 140 प्रकार के विशेष व्यंजनों का भोग अर्पित किया तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
विधायक ने कहा कि यहां सात्विक परंपरा के अनुरूप मां जगधातृ की पूजा आयोजित की जाती है। इस वर्ष पूजा का 27वां आयोजन है। पूजा के बाद हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को सबरनगर आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, रात में पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम से आई झूमर टीम ने पारंपरिक झूमुर संगीत और नृत्य से दर्शकों का मनोरंजन किया।
आयोजन समिति के अनुसार, गुरुवार को सिंदूर उत्सव के बाद मां जगधातृ की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इसके साथ ही पूजा का समापन होगा।
आयोजन को सफल बनाने में भारत सेवाश्रम संघ जमशेदपुर के स्वामी मुक्तानंद जी, घाटशिला के स्वामी जीवेश्वरानंद जी, शशोधरानंद जी, स्वामी गोकुलानंद जी, स्वामी पीयूषानंद जी, स्वामी अनुभवानंद जी, कृष्ण चंद्र दल, पूर्व पार्षद करुणामय मंडल, भोलाशंकर गोप, देवाशीष मंडल, अश्विनी मंडल, मनोरंजन पुरान, भीम चंद्र बारिक और रुद्र प्रताप धल सहित अन्य लोगों की सक्रिय भूमिका रही।

