
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
बहरागोड़ा। प्रखंड क्षेत्र में सरकारी विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत जामजुरकी रोड से भादुआ तक लगभग 2.300 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए शिलान्यास पट्टिका तो लगा दी गई है, लेकिन धरातल पर अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।
शिलान्यास पट्टिका पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार महंती के नाम अंकित हैं। इसके बावजूद न तो विधिवत शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ और न ही निर्माण स्थल पर निर्माण सामग्री या मजदूरों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पट्टिका पर योजना की कुल स्वीकृत राशि, कार्यकारी एजेंसी, संवेदक का नाम, कार्य प्रारंभ एवं पूर्ण होने की तिथि और मजदूरों की निर्धारित मजदूरी दर का उल्लेख नहीं है। इससे योजना की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।

