
लोहरदगा के भंडरा में डबल मर्डर से सनसनी, महिला समेत दो की बेरहमी से हत्या,
टांगी से वार कर दिया वारदात को अंजाम, महिला का सिर धड़ से अलग मिला; आरोपी सोनू लहरी पुलिस की गिरफ्त में
लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात हुए दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कथित तौर पर अवैध संबंध से जुड़े विवाद में एक महिला और पटना निवासी युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी सोनू लहरी को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्याकांड के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की रात करीब 11 बजे इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। मृतकों में भंडरा निवासी पूजा देवी और पटना का रहने वाला एक युवक शामिल है। बताया जा रहा है कि दोनों की हत्या टांगी से वार कर की गई। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महिला पूजा देवी का सिर धड़ से अलग पाया गया, जबकि युवक भी मृत अवस्था में मिला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दोहरे हत्याकांड के पीछे अवैध संबंध को लेकर विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस आरोपी सोनू लहरी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और हत्या की वजह का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद पटना से युवक के परिजन भी भंडरा पहुंच चुके हैं। वहीं, दो लोगों की हत्या से मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। पूजा देवी की मौत से उसके दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल भंडरा पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। इस दोहरे हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर इस जघन्य वारदात के पीछे क्या कारण था।

