
लेखक: डॉ दीपक गोस्वामी
बचपन केवल जीवन का एक पड़ाव नहीं, बल्कि किसी राष्ट्र के भविष्य की बुनियाद है। बच्चे की मुस्कान में परिवार की खुशियां, उसकी जिज्ञासा में ज्ञान की संभावनाएं और उसके सपनों में देश की आने वाली तस्वीर छिपी होती है। 14 नवंबर को मनाया जाने वाला बाल दिवस हमें केवल बच्चों के प्रति स्नेह जताने का अवसर नहीं देता, बल्कि यह आत्ममंथन करने का भी दिन है कि हम अगली पीढ़ी को कैसा समाज सौंप रहे हैं।
पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर मनाया जाने वाला बाल दिवस बच्चों के प्रति प्रेम और उनके सर्वांगीण विकास की भावना का प्रतीक है। भारतीय परंपरा में ध्रुव का संकल्प, प्रह्लाद की निष्ठा और नचिकेता की ज्ञान-जिज्ञासा इस बात के उदाहरण हैं कि बालमन में असाधारण संभावनाएं होती हैं। इसलिए बच्चों को भय और दबाव में रखने के बजाय उनकी जिज्ञासा, कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना जरूरी है।
आज शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक, डिग्री और रोजगार तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बच्चों को विज्ञान और तकनीक के साथ संस्कार, करुणा, अनुशासन, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी भी सिखानी होगी। सूरदास के बाल कृष्ण और प्रेमचंद के ‘ईदगाह’ के हामिद जैसे साहित्यिक पात्र हमें बताते हैं कि बालमन में प्रेम, त्याग और मानवीय संवेदना का कितना विराट संसार बसता है।
चिंता की बात यह है कि आज भी देश में कुपोषण, बाल श्रम, अशिक्षा, बाल शोषण और असमान अवसर जैसी चुनौतियां मौजूद हैं। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 के अनुसार पांच वर्ष से कम आयु के 35.5 प्रतिशत बच्चे उम्र के अनुपात में कम लंबाई वाले पाए गए। यह आंकड़ा बताता है कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए केवल भाषण नहीं, बल्कि पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में ठोस प्रयास जरूरी हैं।
बदलते दौर में मोबाइल और डिजिटल माध्यम भी बचपन को प्रभावित कर रहे हैं। तकनीक ज्ञान का माध्यम बने, बच्चों की कल्पनाशक्ति और सामाजिक व्यवहार को सीमित करने का कारण नहीं। इसके लिए परिवार और विद्यालय दोनों की जिम्मेदारी है कि बच्चों को खेल, पुस्तक, प्रकृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए।
हमारा संविधान बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का अधिकार देता है। लेकिन कानूनों की सार्थकता तभी है, जब कोई बच्चा भूख, भय, शोषण और भेदभाव के कारण अपना बचपन खोने को मजबूर न हो। बच्चों की तुलना, अनावश्यक प्रतिस्पर्धा और असफलता पर अपमानित करने की प्रवृत्ति से भी समाज को बाहर निकलना होगा।
बाल दिवस पर संकल्प केवल उत्सव मनाने का नहीं, बल्कि हर बच्चे को सुरक्षित, शिक्षित, स्वस्थ और सम्मानजनक बचपन देने का होना चाहिए। परिवार स्नेह दे, विद्यालय संस्कार और ज्ञान दे तथा सरकार समान अवसर और सुरक्षा सुनिश्चित करे।
याद रखिए, बच्चों को केवल देश का भविष्य कह देना पर्याप्त नहीं है, उन्हें वर्तमान में भी सम्मान और अवसर देना होगा। जिस राष्ट्र का बचपन सुरक्षित, शिक्षित और संस्कारवान होगा, उसका भविष्य भी सशक्त होगा। बचपन की मुस्कान बचाना ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

