
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
भगवानपुर /बेगूसराय
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर प्रखंड क्षेत्र में स्वच्छता और पवित्रता का संदेश देते हुए शुक्रवार पर शिव शिष्यों ने विशेष सफाई अभियान चलाया। नहाय-खाय के अवसर पर आयोजित यह अभियान समस्तीपुर गांव से शुरू होकर अतरुआ गांव तक पहुंचा। इस दौरान शिव शिष्य भाई-बहनों ने हाथों में झाड़ू लेकर सड़क किनारे, छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की।
अभियान में शामिल शिव शिष्य संजय कुमार चौधरी, लालबाबू पासवान असुरारी, राजकुमार मंडल, रीना देवी, बबीता देवी एवं कमला देवी ने संयुक्त रूप से कहा कि छठ महापर्व में स्वच्छता ही सबसे बड़ी पूजा है। कर्म को ही पूजा मानते हुए सभी शिव शिष्य भाई-बहनों ने समाज के प्रति सेवा भाव से यह पहल की है, ताकि छठ पूजा की पवित्रता और स्वच्छता बनी रहे।
उन्होंने कहा कि छठव्रती पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ घाटों तक पहुंचती हैं। ऐसे में रास्तों और आसपास का वातावरण स्वच्छ रहना बेहद जरूरी है। स्वच्छ वातावरण से व्रतियों को भी सकारात्मक ऊर्जा और श्रद्धा का अनुभव होगा। यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि लोक आस्था के महापर्व के प्रति समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
मौके पर पंचायत समिति सदस्य डिम्पल, राकेश कुमार सहित दर्जनों शिव शिष्य भाई-बहन मौजूद थे। शिव शिष्यों की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामूहिक प्रयासों से समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

