
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 एवं स्थापना दिवस पखवाड़ा के आयोजन को लेकर उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रमों के सफल आयोजन और अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने बताया कि 15 नवंबर को सुबह 7 बजे महाराणा प्रताप चौक से ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ का शुभारंभ होगा। दौड़ स्वर्णरेखा छठ घाट पर सुबह 8 बजे साफ-सफाई अभियान के साथ संपन्न होगी। इसी तरह सभी नगर निकायों एवं प्रखंडों में भी स्वच्छता दौड़ आयोजित की जाएगी।
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 17 से 24 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर खेलकूद, नाटक, नृत्य-संगीत, निबंध लेखन सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। चयनित प्रतिभागी 26 और 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। विजेताओं को 28 नवंबर को पुरस्कृत किया जाएगा।
बैठक में 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में आयोजित होने वाले मेला-सह-प्रदर्शनी में पूर्वी सिंहभूम के स्टॉल के बेहतर प्रस्तुतीकरण पर भी चर्चा हुई। इसमें जिले के विशिष्ट उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। 28 नवंबर को राज्य सरकार के द्वितीय वर्षगांठ समारोह में योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी होगा।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त, एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, नगर आयुक्त जेएनएसी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

