
सांसद की पहल पर सरडीहा में बदला गया खराब ट्रांसफॉर्मर, किसानों को राहत
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाकुलिया
प्रखंड के सरडीहा गांव में पिछले 15 दिनों से खराब पड़े 100 केवीए के ट्रांसफॉर्मर को गुरुवार को बदल दिया गया। इससे सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति बाधित होने से परेशान किसानों को राहत मिली है।
कृषि कार्य और खेतों की सिंचाई के लिए लगाए गए ट्रांसफॉर्मर के खराब होने से किसानों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को दी थी। सांसद ने मामले पर संज्ञान लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को शीघ्र नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
सांसद की पहल पर विभाग ने गुरुवार को गांव में नया 100 केवीए का ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया। इसके बाद ग्रामीणों और किसानों ने राहत जताते हुए सांसद तथा त्वरित कार्रवाई के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

