
सोहराय की उमंग के बीच मौत का कहर, सड़क हादसे में दो युवकों की गई जान
राष्ट्र संवाद संवाददाता, राजनगर
सोहराय पर्व में शामिल होने की खुशी लेकर घर से निकले बीजाडीह के दो युवकों को क्या पता था कि उनकी यह यात्रा आखिरी साबित होगी। राजनगर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर के पास एनएच-220 पर गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रौनक लुगुन उर्फ गोलू (17) और गुलशन सुंडी (19) के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, रघुनाथपुर के समीप किसी अज्ञात वाहन से उनकी स्कूटी की टक्कर होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। रात करीब 11:30 बजे राजनगर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल युवक को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। रौनक नौवीं कक्षा का छात्र था और नेटो तिरिल स्कूल में पढ़ता था। दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी जेएच-22एच-2751 को पुलिस ने जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

