
*छठ घाटों के डेंजर जोन में बैरिकेडिंग अनिवार्य, सुरक्षा में नहीं हो चूक : एसपी
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
छठ महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन पुलिस की प्राथमिकता होगी। खतरनाक चिह्नित घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ चेतावनी बोर्ड लगाने और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने दिया है।
गुरुवार को आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी छठ घाट पर श्रद्धालुओं को असुविधा या असुरक्षा का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में महिला सुरक्षा को लेकर भी थाना प्रभारियों को संवेदनशील रहने की हिदायत दी गई। एसपी ने निर्देश दिया कि थाने पहुंचने वाली महिलाओं की शिकायतें गंभीरता से सुनकर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार भी सुनिश्चित हो।
इसके अलावा लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान में तेजी लाने और मामलों का त्वरित निष्पादन करने को कहा गया। डायन-बिसाही की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सिविल प्रशासन के साथ समन्वय कर जागरूकता अभियान चलाने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के साथ व्यवहार और थाने में रखने के दौरान कानूनी प्रावधानों का पालन करने पर भी जोर दिया गया।

