
लेखक: राष्ट्र संवाद ब्यूरो
सुसंस्कार शिक्षा निकेतन तेघड़ा में गुरुवार को आस्था का महापर्व छठ के अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया
पूरा विद्यालय परिसर छठ की भक्ति, लोकगीतों की मधुर धुन और दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। बच्चों के चेहरों पर उत्साह और मन में आस्था की झलक साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और छठ के पारंपरिक गीतों के साथ हुई। बच्चों ने पारंपरिक परिधानों में छठ पूजा की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की। सूप, ठेकुआ, गन्ना, केला, नारियल और जलते दीपकों से सजा मंच ऐसा लग रहा था मानो छठ घाट ही विद्यालय में उतर आया हो। बच्चों ने छठ महापर्व पर भाषण, गीत, कविता और नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन जीत लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. रणधीर कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि छठ महापर्व केवल एक पूजा नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, सूर्य देव के प्रति श्रद्धा और माता-पिता के प्रति सम्मान का महापर्व है। उन्होंने कहा कि जो बच्चा अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़ा रहता है, वही जीवन में सच्ची सफलता प्राप्त करता है। उन्होंने बच्चों से स्वच्छता, अनुशासन, मेहनत और बड़ों का आदर बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन मंजेश कुमार ने बहुत ही सुंदर, सरल और प्रभावशाली ढंग से किया। उन्होंने छठ महापर्व की कथा, उसके नियम, व्रत की महिमा और सूर्य उपासना के वैज्ञानिक महत्व को बच्चों को आसान भाषा में समझाया। उनके संचालन ने पूरे कार्यक्रम में ऊर्जा और भक्ति का संचार बनाए रखा।
कार्यक्रम में शिक्षकों और अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। अंत में सभी बच्चों को प्रसाद वितरित किया गया और सभी को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। यह कार्यक्रम बच्चों के लिए संस्कार, आस्था और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का एक यादगार अनुभव बन गया।

