
आदित्यपुर की मिठाई दुकानों में छापेमारी, 10 किलो खराब मिठाई नष्ट
*रसगुल्ले में हाइड्रो के इस्तेमाल का मामला आया सामने, अखबार में मिठाई रखने पर दो दुकानों को चेतावनी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानों में मिलावट और अस्वच्छता के खिलाफ जांच अभियान चलाया। इस दौरान अंबा स्वीट्स में करीब 10 किलो बासी एवं खराब मिठाइयां मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। दुकान संचालक को भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं करने की चेतावनी दी गई।
जांच में रसगुल्ला अधिक सफेद बनाने के लिए हाइड्रो के इस्तेमाल का मामला भी सामने आया। संबंधित कारोबारी को इसका उपयोग बंद करने का निर्देश दिया गया। वहीं, आदर्श स्वीट्स और गोपाला स्वीट्स में मिठाइयां रखने एवं ढकने के लिए अखबार का इस्तेमाल पाया गया। दोनों दुकानदारों को तत्काल इस पर रोक लगाने की हिदायत दी गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाइयों में इस्तेमाल किए जा रहे रंगों की जांच की, जो अनुमत खाद्य रंग पाए गए। हालांकि, सभी दुकानदारों को निर्धारित मात्रा में ही रंगों के उपयोग और स्वच्छता मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया। विभाग ने पर्व तक जांच अभियान जारी रखने की बात कही है।

