
तीन प्रखंडों के पर्यटन स्थलों को संवारने की तैयारी, डीसी ने किया निरीक्षण
*करकेट्टा डैम, खरसावां शिव मंदिर और भीमखंदा के विकास का बनेगा प्रस्ताव; सुविधाओं के लिए प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों को विकसित कर पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने की पहल शुरू हो गई है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शुक्रवार को कुचाई के करकेट्टा डैम, खरसावां के शिव मंदिर और राजनगर के भीमखंदा का निरीक्षण कर वहां पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जिला पर्यटन पदाधिकारी सह जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार को तीनों स्थलों के विकास के लिए आवश्यक कार्यों का आकलन कर विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्थल की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक विशेषता और धार्मिक-ऐतिहासिक महत्व के अनुरूप विकास योजना बनाई जाए।
प्रस्ताव में पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, प्रकाश, पार्किंग, पहुंच पथ, बैठने और विश्राम की व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा गया। इसके अलावा सौंदर्यीकरण, लैंडस्केपिंग, आकर्षक लाइटिंग और व्यू-प्वाइंट विकसित करने की संभावनाओं का भी आकलन किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाएं विकसित होने से पर्यटकों का आकर्षण बढ़ेगा। इससे जिले में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर भी सृजित होंगे। निरीक्षण में संबंधित प्रखंडों के बीडीओ, सीओ एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

