
कालिकापुर में नेताजी के ऐतिहासिक बैठक स्थल पर स्मृति भवन बनाने की मांग
*पंसस सीताराम हांसदा ने डीसी को सौंपा ज्ञापन, स्थल के संरक्षण और स्मृति चिह्न स्थापित करने का आग्रह*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
गोआलकाटा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य, पूर्व मुखिया एवं समाजसेवी सीताराम हांसदा ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर कालिकापुर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के ऐतिहासिक बैठक स्थल पर उनके नाम से स्मृति भवन बनाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि 5 दिसंबर 1939 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने कालिकापुर में एक ऐतिहासिक बैठक कर अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष का आह्वान किया था। यह घटना क्षेत्र के इतिहास में विशेष महत्व रखती है। बावजूद इसके, इतने महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थल के संरक्षण और विकास के लिए अब तक ठोस पहल नहीं की गई है।
सीताराम हांसदा ने प्रशासन से स्थल का उचित रखरखाव कराने, वहां नेताजी की स्मृति में भवन निर्माण तथा स्मृति चिह्न स्थापित करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे ऐतिहासिक विरासत संरक्षित होगी और आने वाली पीढ़ियों को नेताजी के योगदान एवं स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

