
विजय-2 लौह अयस्क खदान फिर खोलने की मांग, ग्रामीणों को रोजगार देने पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बड़बिल
टाटा स्टील संचालित बराईबुरु स्थित बंद विजय-2 लौह अयस्क खदान को दोबारा चालू करने की मांग तेज होने लगी है। इस मुद्दे पर झारखंड मजदूर यूनियन की बराईबुरु इकाई के तत्वावधान में तेतली घाटी गांव में ग्रामीणों की बैठक हुई। इसमें तेतली घाटी, छोटानागरा, टाटिबा, बहदा और बाइहातु समेत आसपास के गांवों के दर्जनों लोग शामिल हुए।
बैठक में मजदूर नेताओं ने कहा कि खदान दोबारा शुरू होने पर पूर्व में वहां काम कर चुके स्थानीय मजदूरों को फिर से रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इसके अलावा खदान से प्रभावित और जरूरतमंद ग्रामीणों को चरणबद्ध तरीके से काम उपलब्ध कराने की मांग की गई। नेताओं ने कंपनी से सीएसआर के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
यूनियन नेताओं ने कहा कि खदान वर्षों से बंद रहने के बावजूद टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से ग्रामीणों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती रही है। इसके लिए उन्होंने कंपनी प्रबंधन के प्रति आभार जताया।
बैठक में झारखंड मजदूर यूनियन की बराईबुरु इकाई के अध्यक्ष दिनबंधु पात्रो, सदस्य मधु सिंद्धू, दुलाल चंपिया, सुकराम सिंद्धू और लखन चंपिया सहित विभिन्न गांवों के ग्रामीण उपस्थित थे।

