
महिला सुरक्षाकर्मी से सहकर्मी गार्ड ने किया दुर्व्यवहार, थाने में प्राथमिकी दर्ज
*भोलाडीह स्थित श्रीउनहत ऑटो कंपोनेंट्स कंपनी का मामला, रात्रि पाली में ड्यूटी के दौरान हुई घटना*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
गम्हरिया प्रखंड के बीरबांस पंचायत अंतर्गत भोलाडीह स्थित श्रीउनहत ऑटो कंपोनेंट्स प्राइवेट लिमिटेड में महिला सुरक्षाकर्मी के साथ दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप कंपनी में ही कार्यरत एक पुरुष सुरक्षाकर्मी पर लगा है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर सरायकेला थाना में आरोपी गार्ड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, घटना बीते 1 नवंबर की रात की है। उस समय महिला सुरक्षाकर्मी रात्रि पाली में ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान उसका सहकर्मी पुरुष गार्ड कथित रूप से नशे की हालत में वहां पहुंचा और उसके साथ दुर्व्यवहार करने लगा। महिला सुरक्षाकर्मी ने जब इसका विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग निकला।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के तत्काल बाद उसने कंपनी के वरीय पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन उनकी ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने सरायकेला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सूत्रों से जानकारी मिली है कि कम्पनी में एक नीजी एजेंसी ने सुरक्षा गार्ड्स की प्रतिनियुक्ति की है। घटना के बाद दोनों सुरक्षाकर्मियों को कम्पनी ड्यूटी से हटा लिया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घटना के बाद औद्योगिक प्रतिष्ठानों में रात्रि पाली के दौरान महिला कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था तथा कार्यस्थल पर शिकायतों के निस्तारण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

