
पुश्तैनी जमीन से सात पुराने पेड़ काटकर ले जाने का आरोप, जांच की मांग
*राजेश जालान ने प्रेस वार्ता में उठाया सवाल: बिना अनुमति किसके आदेश पर हुई कटाई? खाटू श्याम मंदिर निर्माण पर भी रखा पक्ष*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
चांडिल थाना क्षेत्र में पुश्तैनी जमीन पर लगे पुराने पेड़ों की कथित रूप से चोरी-छिपे कटाई कर ले जाने का मामला सामने आया है। जमीन के दावेदार राजेश जालान ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर सात पुराने पेड़ों की कटाई का आरोप लगाया और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
राजेश जालान के अनुसार, खाता संख्या 252 के प्लॉट संख्या 1012 एवं 1016 में कुल 10 डिसमिल जमीन उनकी पुश्तैनी संपत्ति है। करीब 30 वर्ष पहले उनके पिता स्व. दामोदर जालान ने वहां तीन सागवान, चार महोगनी और एक नीम का पेड़ लगाया था। उन्हें स्थानीय सूत्रों से जानकारी मिली कि उनकी अनुमति के बिना मशीन से इन पेड़ों की कटाई कर उन्हें ले जाया गया। उन्होंने श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष संदीप सुल्तानिया, संयोजक अनिल जालान उर्फ बॉबी समेत अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई है। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
जालान ने बताया कि परिवार के छह भाइयों के बीच 11 अगस्त 2015 को आपसी सहमति से चल-अचल संपत्ति का बंटवारा हुआ था और उक्त जमीन उनके हिस्से में आई थी। उन्होंने प्रशासन से स्थल निरीक्षण कर पेड़ों की कटाई और ढुलाई में शामिल लोगों की पहचान करने की मांग की।
*मंदिर निर्माण पर भी स्पष्ट किया पक्ष*
राजेश जालान ने कहा कि श्री खाटू श्याम मंदिर एवं श्री श्याम कला भवन के संस्थापक सदस्य प्रह्लाद जालान का सपना भव्य खाटू श्याम मंदिर बनवाने का था। इसी उद्देश्य से स्व. दादा गौरी शंकर जालान और दादी सरस्वती देवी के नाम पर उक्त भूमि पर मंदिर निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जमीन पर श्याम सेवा समिति का कोई स्वामित्व नहीं है और मंदिर निर्माण की जिम्मेदारी श्री श्याम कला भवन कमेटी निभाएगी।

