

मदरसा जियाईया दारुल किरात का 26वां उर्स 4 नवंबर को, 10 हाफिज एवं कारी की होगी दस्तारबंदी
देशभर के नामचीन उलेमा करेंगे शिरकत, मानगो के होटल द महल इन में होगा तजवीद व किरात सेमिनार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मदरसा जियाईया दारुल किरात की ओर से 4 नवंबर, बुधवार को 26वां उर्स मुजव्विद-ए-आजम-ए-हिंद, जलसा-ए-दस्तारबंदी एवं ऑल इंडिया जियाई तजवीद व किरात सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। इसमें देशभर के प्रमुख उलेमा और इस्लामी विद्वान शामिल होंगे।
मदरसा के संस्थापक कारी मो. असलम रब्बानी जियाई ने बताया कि मुख्य सेमिनार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक होटल द महल इन, चेपापुल के पास, ओल्ड पुरुलिया रोड, मानगो में आयोजित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत कुरआन की तिलावत से होगी। इसमें पूर्णिया, दिल्ली, लखनऊ, पटना, कोलकाता, उत्तर प्रदेश और ओडिशा सहित विभिन्न स्थानों के उलेमा तकरीर और विचार प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मदरसे से शिक्षा पूरी करने वाले 10 हाफिज एवं कारी बच्चों की दस्तारबंदी होगी। इसके बाद ख्वाजा नमाज मस्जिद में जोहर की नमाज, नात-ओ-मदह, विशेष बयान, कुल शरीफ और सामूहिक दुआ होगी। अंत में लंगर का वितरण किया जाएगा।
इसकी जानकारी आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी गई। मौके पर मदरसा के पदाधिकारी, उलेमा और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

