

*थाना पहुंचने वाली महिला फरियादियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए विशेष व्यवस्था की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
अधिवक्ता प्रशंसा दीवान ने कहा कि थाना परिसर में महिला फरियादियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए ठोस व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि रात के समय थाने पहुंचने वाली महिलाओं के ठहरने के लिए सुरक्षित स्थान, स्वच्छ पेयजल और महिला पुलिसकर्मी की निगरानी अनिवार्य की जाए, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा या असुरक्षा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी प्रस्ताव दिया कि रात में किसी महिला के थाना पहुंचने अथवा शिकायत दर्ज कराने की स्थिति में इसकी सूचना तत्काल संबंधित एसडीपीओ या एसपी को व्हाट्सएप के माध्यम से फोटो सहित भेजी जाए। इसके साथ ही महिला की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और आवेदन जमा करने के बाद उसे मुहर लगी रिसीविंग कॉपी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। उनके अनुसार, इन व्यवस्थाओं से महिला फरियादियों की शिकायतों के प्रति जवाबदेही बढ़ेगी और थाने में उनकी सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

