

दीपावली-धनतेरस पर ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
दीपावली एवं धनतेरस पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और आभूषण दुकानों में संभावित सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए आदित्यपुर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में सोमवार की संध्या आदित्यपुर थाना परिसर में क्षेत्र के आभूषण दुकानदारों और पुलिस पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें पर्व के दौरान दुकानों और ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में दुकानदारों को अपनी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता जांचने और उन्हें लगातार चालू रखने को कहा गया। साथ ही दुकानों में पर्याप्त सुरक्षा गार्ड की तैनाती, प्रवेश एवं निकास मार्गों पर निगरानी तथा दुकान के आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर विशेष नजर रखने की हिदायत दी गई है।
पुलिस पदाधिकारियों ने सभी दुकानदारों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या परिस्थिति की जानकारी मिलने पर बिना देर किए तत्काल पुलिस को सूचित करें। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि दीपावली तक क्षेत्र की आभूषण दुकानों में पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है।

