

कृषि यंत्रीकरण से बढ़ेगी किसानों की आय :संजीव सरदार
*महिला समूहों को मिले ट्रैक्टर, किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर कृषि यंत्र; विधायक ने किया वितरण*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जमशेदपुर
खेती को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जमशेदपुर प्रखंड स्थित भूमि संरक्षण विभाग कार्यालय में कृषि यंत्रीकरण वितरण शिविर आयोजित किया गया। इसमें पोटका विधायक संजीव सरदार की उपस्थिति में किसानों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों के बीच अनुदान पर ट्रैक्टर और कृषि उपकरण वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत दो महिला स्वयं सहायता समूहों को 50 प्रतिशत अनुदान पर ट्रैक्टर उपलब्ध कराए गए। वहीं, एसएमए योजना के तहत विभिन्न लाभुकों को कृषि उपकरण दिए गए। व्यक्तिगत कृषि यंत्र योजना के अंतर्गत तीन लाभुकों को 90 प्रतिशत अनुदान पर कृषि यंत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि कृषि यंत्रीकरण किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। आधुनिक कृषि उपकरणों के इस्तेमाल से खेती में लगने वाला समय और श्रम कम होगा तथा उत्पादन लागत घटाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को अनुदान पर कृषि उपकरण उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही है। किसानों से इन योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने की अपील की।
विधायक ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से वास्तविक जरूरतमंद किसानों तक पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम में जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी ओम प्रकाश, जिला कृषि पदाधिकारी राम कुमार, भूमि संरक्षण पदाधिकारी रियाज अंसारी, सहायक कृषि अभियंता कृष्णकांत कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

