

*विद्यालय परिसर में पेवर्स ब्लॉक निर्माण का शिलान्यास
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
पोटका प्रखंड के कोवाली पंचायत अंतर्गत पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में सोमवार को पेवर्स ब्लॉक निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। 15वें वित्त आयोग की पंचायत निधि से 3,34,400 रुपये की प्राक्कलित राशि से होने वाले इस निर्माण कार्य का शिलान्यास पंचायत की प्रभारी मुखिया काजल बारिक ने विधिवत किया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सविता सरदार, उनके प्रतिनिधि मनोज सरदार, पंचायत समिति सदस्य देवेंद्र महतो, वार्ड सदस्य दीपंकर मंडल, ग्राम प्रधान शशांक मंडल, अजय भगत, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जयहरि सिंह मुंडा, सचिव पिंटू गुप्ता, कोषाध्यक्ष जितेंद्र सिंहदेव, संरक्षक आशुतोष मंडल, सह-सचिव उज्ज्वल कुमार मंडल तथा मुखिया प्रतिनिधि सचिंद्र बारिक उपस्थित थे।
मौके पर प्रभारी मुखिया काजल बारिक ने कहा कि विद्यालय परिसर में पेवर्स ब्लॉक निर्माण से परिसर का सौंदर्यीकरण होगा और विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण मिलेगा। यह पहल शिक्षा, सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति पंचायत की जिम्मेदारी को दर्शाती है।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जयहरि सिंह मुंडा ने इसे विद्यालय के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं प्रधानाचार्या सविता महतो ने विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और अभिभावकों की ओर से मुखिया के प्रति आभार जताया।

