

भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता में महिलाओं की मजबूत मौजूदगी
*काण्ड्रा पंचायत में पावर ग्रिड ने बताया ऑनलाइन शिकायत का तरीका*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, काण्ड्रा
भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी अहम भूमिका निभा सकती है। काण्ड्रा पंचायत कार्यालय में आयोजित पावर ग्रिड के सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं की अधिक उपस्थिति ने इस दिशा में सकारात्मक संदेश दिया। अभियान का आयोजन पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के जमशेदपुर उपकेंद्र की ओर से किया गया।
कार्यक्रम में प्रबंधक शिवम मरांडी ने भ्रष्टाचार की पहचान, उसके सामाजिक दुष्परिणाम और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल के जरिए शिकायत करने की सुविधा की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से अन्याय और अनियमितता के मामलों में सजग रहने की अपील की।
झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयास से ही पारदर्शिता और जवाबदेही का माहौल बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में मुखिया शंकरी सिंह, पूर्व मुखिया होनी सिंह मुंडा, जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, थाना प्रभारी विनोद तिर्की और उपमुखिया रीना बनर्जी समेत ग्रामीण उपस्थित थे।

