

कुशपुतुल के ग्रामीणों ने ईचागढ़ विधायक को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
नीमडीह प्रखंड के राजस्व ग्राम कुशपुतुल के ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने गांव की चार बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ईचागढ़ विधायक सविता महतो को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों के अनुसार, इन समस्याओं से करीब तीन हजार लोग प्रभावित हैं।
ज्ञापन में कुशपुतुल-चांडिल मुख्य सड़क के लगभग 800 मीटर जर्जर हिस्से का पक्कीकरण कराने और घरों व तालाब के ऊपर से गुजर रहे असुरक्षित बिजली तारों को हटाकर सुरक्षित व्यवस्था करने के लिए तीन-चार बिजली खंभे लगाने की मांग की गई है।
इसके अलावा वामनी नदी के सोगड़ा घाट पर पुलिया निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग उठाई गई। बरसात में नदी पार करना मुश्किल हो जाता है और वैकल्पिक रास्ते पर जंगली हाथियों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने नदी किनारे उपयुक्त स्थान पर मुक्तिधाम बनाने की मांग भी रखी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि नीमडीह के अंचल अधिकारी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी भेजी गई है। मौके पर समीर कुमार महतो, रुबाश सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

