

सरायकेला में जेएचटीईटी शांतिपूर्ण संपन्न, 16,315 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
*30 केंद्रों पर हुई परीक्षा, दोनों पालियों में 1,218 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा -2026 रविवार को सभी 30 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 17,533 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 16,315 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,218 अनुपस्थित रहे।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, प्रथम पाली में 11,086 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 10,286 ने परीक्षा दी और 800 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 92.78 प्रतिशत दर्ज की गई।
द्वितीय पाली में 6,447 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था। इनमें 6,029 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 418 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 93.52 प्रतिशत रही।
प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सभी केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्था के तहत परीक्षा संचालित की गई। पूरी परीक्षा के दौरान जिले में शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।

