

*गम्हरिया थाना कांड में नौ और पुलिसकर्मी निलंबित, एसपी ने थाने पहुंचकर की पूछताछ*
*और दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार कर आज न्यायिक हिरासत में भेजे जा रहे; लापरवाही पर थाना प्रभारियों की भी जवाबदेही तय*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गियारी ने रविवार को थाने पहुंचकर जांच की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों से अलग-अलग पूछताछ कर बयान दर्ज किए। इसके बाद कर्तव्य निर्वहन में अपेक्षित सतर्कता नहीं बरतने के आरोप में नौ और पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
निलंबित होने वालों में पुअनि अजय पासवान, ललन रविदास, सअनि विशु उरांव, मुकेश कुजूर, मुकेश रविदास, सीताराम सिंह पाहन, हवलदार पितांबर महतो, बहादुर हांसदा और आरक्षी मनोज गोराई शामिल हैं। वहीं पुअनि मनोज कुमार साहू और आरक्षी संतोष कुमार राय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
एसपी ने कहा कि एसआईटी सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर रही है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों को 24 घंटे थानों की निगरानी और अधीनस्थ कर्मियों के आचरण व अनुशासन की नियमित समीक्षा का निर्देश दिया है।
एसपी ने चेतावनी दी कि ड्यूटी के दौरान या थाने में नशे की हालत में मिलने वाले पुलिसकर्मियों पर बर्खास्तगी तक की कार्रवाई होगी। महिला शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार, महिला पुलिसकर्मियों की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने और रात्रि ड्यूटी की निगरानी अनिवार्य होगी। फरियादियों से दुर्व्यवहार या बिना अनुमति ड्यूटी से गायब रहने पर संबंधित कर्मी के साथ थाना प्रभारी की जवाबदेही भी तय होगी।

