


93 केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में हुई झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026, उपायुक्त ने किया निरीक्षण
दो पालियों में आयोजित हुई परीक्षा, कदाचार रोकने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन पूर्वी सिंहभूम जिले के 93 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में किया जा रहा है। परीक्षा के निष्पक्ष एवं सुचारु संचालन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था की गई है।
इस क्रम में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन एवं अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा जांच, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों की उपस्थिति की समीक्षा की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
परीक्षा की प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) तथा द्वितीय पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) के अभ्यर्थी शामिल हुए।
परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, परीक्षा समाप्ति के बाद अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन की भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

