*शिकायत के बाद सुधरी जियो की इंटरनेट सेवा, मानुषमुड़िया के उपभोक्ताओं को मिली राहत*
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड की मानुषमुड़िया पंचायत और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जियो की इंटरनेट सेवा में सुधार हुआ है। इससे स्थानीय उपभोक्ताओं को राहत मिली है। पहले क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होते ही जियो का मोबाइल नेटवर्क कमजोर पड़ जाता था। कई बार इंटरनेट सेवा पूरी तरह बंद हो जाती थी। इस कारण ग्रामीणों को ऑनलाइन कार्य, डिजिटल भुगतान, बैंकिंग और जरूरी सूचनाओं के आदान-प्रदान में परेशानी होती थी।
समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता चिन्मय नायक ने जियो के संबंधित विभागीय अधिकारियों से शिकायत की थी। उन्होंने अधिकारियों को बताया था कि बिजली कटौती के दौरान मानुषमुड़िया क्षेत्र में नेटवर्क और इंटरनेट सेवा प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मोबाइल टावर की बैटरी बैकअप व्यवस्था और वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति की जांच कराने की मांग की थी।
*शिकायत के बाद कंपनी ने दिया था आश्वासन*
शिकायत मिलने के बाद कंपनी के संबंधित विभागीय अधिकारी ने शाम तक समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। इसके बाद क्षेत्र में जियो की इंटरनेट सेवा पहले की तुलना में सामान्य और संतुलित हो गई है। इससे उपभोक्ताओं ने राहत महसूस की है।

