नुक्कड़ नाटक से गीता थिएटर ने दिया भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 31 अक्टूबर। आयकर विभाग, जमशेदपुर की ओर से आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत शनिवार को जुबिली पार्क में गीता थिएटर के युवा कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता का संदेश दिया। ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर आधारित लगभग 20 मिनट के नाटक में हास्य और व्यंग्य के जरिए सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी तथा दलाली जैसी बुराइयों को उजागर किया गया।
नाटक के माध्यम से कलाकारों ने बताया कि भ्रष्टाचार केवल रिश्वत लेने से ही नहीं, बल्कि अनुचित काम करवाने के लिए रिश्वत देने से भी बढ़ता है। नागरिकों से निर्धारित शुल्क की रसीद लेने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और भ्रष्टाचार की स्थिति में आधिकारिक माध्यम से शिकायत करने की अपील की गई।
इस अवसर पर आयकर अधिकारी सिद्धार्थ कुमार पांडेय ने कहा कि सतर्कता जागरूकता का उद्देश्य समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करना है। नुक्कड़ नाटक जैसे रचनात्मक माध्यम जनमानस तक प्रभावी संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नाटक में देवु सिंह सरदार ने सूत्रधार, प्रेम दीक्षित ने घूसखोर बाबू, रूपेश कुमार ने आम आदमी, आयुष चौरसिया ने दलाल, गीता कुमारी ने ईमानदार अधिकारी और गंगा मंडल ने जागरूक युवा की भूमिका निभाई।
अंत में कलाकारों एवं उपस्थित लोगों ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक नागरिक बनने का संकल्प लेते हुए नारा दिया— “न रिश्वत लेंगे, न रिश्वत देंगे, सत्यनिष्ठा के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे।” गीता थिएटर ने इस आयोजन में अवसर देने के लिए आयकर विभाग के प्रति आभार जताया।

