एमजीएम अस्पताल में हॉस्टल पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध रूप से रह रहे जूनियर रेजिडेंट के कमरों में जड़ा ताला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट के छात्रावास को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। हॉस्टल नंबर-1 और 2 में अवैध रूप से रह रहे नॉन एकेडमिक जूनियर रेजिडेंट को निर्धारित समय सीमा के भीतर कमरे खाली करने का निर्देश दिया गया था। अस्पताल प्रबंधन की ओर से जारी आदेश में 31 अक्टूबर की सुबह 10 बजे तक कमरा खाली करने की समय-सीमा तय की गई थी।
निर्धारित समय समाप्त होने के बावजूद कमरे खाली नहीं किए जाने पर शनिवार को जिला प्रशासन ने साकची थाना पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए हॉस्टल के कमरों में ताला जड़ दिया। इस कार्रवाई के बाद अस्पताल परिसर में हलचल तेज हो गई। वहीं, पूरे मामले को लेकर डॉ. बलराम झा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी और प्रशासनिक कार्रवाई पर अपना पक्ष रखा।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को हॉस्टल में अनधिकृत रूप से रह रहे लोगों को हटाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

