एनएच-33 पर ट्रक और दो ट्रेलरों में भिड़ंत, तीनों वाहन क्षतिग्रस्त
*बड़ामटांड़ के पास हादसे के बाद लगा लंबा जाम, क्रेन से वाहन हटाकर पुलिस ने बहाल कराया आवागमन*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ामटांड़ के समीप गुरुवार सुबह एनएच-33 पर ट्रक और दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में तीनों भारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक ट्रेलर डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में दोनों चालकों के बाल-बाल बच गए।
बताते हैं कि सड़क किनारे पहले से दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में खड़े एक ट्रेलर से रांची की ओर से जमशेदपुर जा रहा ट्रक टकरा गया। इसी दौरान पीछे से आ रहा दूसरा ट्रेलर भी ट्रक से भिड़ गया। लगातार हुई टक्करों से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद एनएच-33 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य कराया जा सका।
इस घटना ने एनएच-33 पर भारी वाहनों की सुरक्षित पार्किंग और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के आसपास चेतावनी संकेतक लगाने की जरूरत को फिर सामने ला दिया है।

