जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2.0 में दस प्रतिष्ठित पुरस्कारों की घोषणा, प्रत्येक के लिए एक लाख रुपये
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। विद्यादीप फाउंडेशन के तत्वावधान में 18 से 20 दिसंबर 2026 तक बिष्टुपुर स्थित होटल रमाडा में जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2.0 का आयोजन होगा। इस तीन दिवसीय महोत्सव में साहित्य, कला, शिक्षा, पत्रकारिता और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दस प्रतिष्ठित पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रत्येक पुरस्कार के साथ एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
इस वर्ष फेस्टिवल की केंद्रीय थीम ‘विरासत एवं पर्यटन’ है। पुरस्कारों के माध्यम से झारखंड की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने का प्रयास किया जाएगा।
दस पुरस्कारों में वसुंधरा कोमकली पुरस्कार (संगीत एवं संगीत-साहित्य), जे. स्वामीनाथन पुरस्कार (चित्रकला), रुक्मिणी देवी अरुंडेल पुरस्कार (नृत्य), फादर कामिल बुल्के पुरस्कार (हिंदी साहित्य), जेराल्ड डरेल पुरस्कार (अंग्रेजी पुस्तक), डॉ. कुमार सुरेश सिंह पुरस्कार (झारखंड साहित्य, संस्कृति एवं विरासत), उदन्त मार्तण्ड पुरस्कार (पत्रकारिता), डॉ. रामदयाल मुंडा पुरस्कार (जनजातीय कला एवं संस्कृति संरक्षण), गोपालदास मुखर्जी पुरस्कार (विरासत एवं पर्यटन) तथा मिसेज कियोके मोनरो पेरिन विद्यालय पुरस्कार (संस्थागत शिक्षा) शामिल हैं।
फेस्टिवल के क्यूरेटर संदीप मुरारका और आयोजन समिति के सदस्यों के अनुसार, पुरस्कारों के लिए नामांकन प्रक्रिया या अंतिम तिथि निर्धारित नहीं है। निर्णायक मंडल योग्य व्यक्तियों एवं संस्थाओं का चयन करेगा। चयनित नामों की घोषणा जल्द की जाएगी। आयोजन में देशभर के प्रख्यात साहित्यकार, कलाकार, शिक्षाविद्, इतिहासकार और पत्रकार शामिल होंगे।

