पोटका में तीन कुष्ठ मरीज चिह्नित, एमडीटी दवा दी गई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में कुष्ठ रोग खोज अभियान और ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ (एमडीटी) अभियान की समीक्षा एवं सहयोग के लिए सेंट्रल लेप्रोसी ट्रेनिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट, चेन्नई के डॉ. होस्सानान ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संदिग्ध मरीजों की जांच की और तीन कुष्ठ मरीजों को चिह्नित कर एमडीटी दवा दी।
टीम ने जुड़ी गांव में सहिया द्वारा चिह्नित संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग भी की। डॉ. होस्सानान ने बताया कि कुष्ठ रोग की समय पर पहचान और उपचार से दिव्यांगता से बचा जा सकता है। एमडीटी दवा सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने सहिया से अभियान, प्रोत्साहन राशि और मरीजों को मिलने वाली सहायता की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर डेमियन फाउंडेशन के राज्य समन्वयक डॉ. गौतम कुमार, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

