टेल्को में बड़ी चोरी: रिटायर्ड टाटा मोटर्स कर्मचारी के क्वार्टर से 20 लाख के गहने और नकदी गायब
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद क्वार्टर को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये के गहने और 15 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली। चोर क्वार्टर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम देने के बाद पीछे के रास्ते से फरार हो गए। घटना रोड नंबर-1 स्थित क्वार्टर नंबर के-2/6 की है। चोरी की इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, क्वार्टर में टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारी शमशेर खान अपनी पत्नी, बेटी और नतनी के साथ रहते हैं। उनकी बेटी गुलमोहर स्कूल में शिक्षिका हैं। शनिवार को उनका बेटा हैदराबाद से घर आया था। क्वार्टर में जगह कम होने के कारण परिवार के सभी सदस्य घर में ताला बंद कर मानगो स्थित अपने श्रीनाथ होम फ्लैट में रहने चले गए थे।
रविवार रात जब शमशेर खान अपने परिवार के साथ वापस क्वार्टर पहुंचे और मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर गए, तो कमरे का सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। दूसरे कमरे में रखी अलमारी खुली हुई थी और उसमें रखा गहनों का बैग गायब था। जांच करने पर पता चला कि चोर करीब 20 लाख रुपये के गहने और लगभग 15 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए हैं।
पीछे की दीवार फांदकर घुसे चोर
शमशेर खान के अनुसार, चोर क्वार्टर के पीछे की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और अलमारी में रखे गहने व नकदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर पीछे के रास्ते से ही बाहर निकल गए। घटनास्थल पर दीवार पर हाथ और पैर के निशान भी मिलने की बात सामने आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की वारदात में कितने लोग शामिल थे और वे किस रास्ते से फरार हुए।
बंद क्वार्टर में हुई इस बड़ी चोरी से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और चोरों की गिरफ्तारी के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

