काण्ड्रा में झाड़ियों से लापता हाइवा चालक का शव बरामद
*17 अक्टूबर से था लापता, दुर्गंध आने पर राहगीरों ने दी सूचना; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
काण्ड्रा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह गिद्दीबेड़ा टोल से चांडिल जाने वाली सड़क के किनारे झाड़ियों से एक हाइवा चालक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के मानबाजार निवासी 45 वर्षीय अनिल सोरेन उर्फ लंबू ड्राइवर के रूप में हुई है। वह 17 अक्टूबर से लापता था।
जानकारी के अनुसार, आधुनिक पावर के पंप के समीप झाड़ियों से दुर्गंध आने पर राहगीरों की नजर शव पर पड़ी। उन्होंने नजदीकी होटल संचालकों और टोल कर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की पहचान अनिल सोरेन के रूप में की।
अनिल कुछ दिनों से सत्यनारायण महतो के यहां हाइवा चालक के रूप में काम कर रहा था। उसके लापता होने के बाद सत्यनारायण महतो ने उसके भाई और संबंधित थाना को सूचना दी थी। परिजनों ने काण्ड्रा पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कई जगह तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
सूचना मिलने पर कांड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

