कन्नौज. उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. पिकनिक से लौट रहे बच्चों से भरी स्कूल बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए. हादसे के समय बस में 50 बच्चों सहित कुल 60 लोग सवार थे.
जानकारी के अनुसार, कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के बच्चे आगरा और मथुरा की पिकनिक यात्रा से वापस लौट रहे थे. बस सोमवार रात करीब 12 बजे आगरा से रवाना हुई थी. मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे बच्चों को टॉयलेट कराने के लिए चालक ने बस को एक्सप्रेसवे पर खड़ा किया था. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी.
टक्कर से बस का पिछला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त
हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूल बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई सीटें उखड़कर बिखर गईं. बस में सवार बच्चे सीटों के बीच फंस गए. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय पुलिस और राहत दल ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह ट्रक चालक को झपकी आना बताई जा रही है.
आठवीं और दसवीं कक्षा के चार छात्रों की मौत
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले चारों छात्र स्कूल में पढ़ते थे. मृतकों की पहचान अरमान और आर्यन के रूप में हुई है, जो आठवीं कक्षा के विद्यार्थी थे. वहीं रजीउल्लाह और मोहम्मद जैद दसवीं कक्षा में पढ़ते थे. हादसे में स्कूल प्रबंधक सलमान सहित एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है. दोनों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया है.
घायल छात्र का आरोप- ट्रक चालक ने पी रखी थी शराब
घायल छात्र प्रिंस प्रजापति ने बताया कि सभी बच्चे कौशांबी के रहने वाले हैं और आगरा में ताजमहल देखने के बाद मथुरा घूमकर वापस लौट रहे थे. बस में सवार उनके दोस्त नौशाद की तबीयत खराब थी. उसे टॉयलेट कराने के लिए बस को एक्सप्रेसवे पर रोका गया था. इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस में टक्कर मार दी. प्रिंस ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक ने शराब पी रखी थी. हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

