शोक की स्थिति में आंदोलन नहीं करेगा आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका संघ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड राज्य आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका संघ ने फिलहाल विभिन्न संगठनों के हड़ताल और आंदोलन से अलग रहने का निर्णय लिया है। प्रदेश अध्यक्ष माला देवी ने बताया कि प्रधान संरक्षक सुशील कुमार पांडेय के निर्देशानुसार राज्य में शोक की स्थिति को देखते हुए संगठन आंदोलन नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि सेविका-सहायिकाओं को समय पर मानदेय, पोषाहार और अन्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। दुर्गा पूजा सहित पर्व-त्योहारों में भी मानदेय का भुगतान नहीं होने से परेशानी बढ़ रही है। स्थिति सामान्य होने पर बैठक कर जोरदार आंदोलन किया जाएगा। संघ ने सरकार से सेविका-सहायिकाओं की जायज मांगें जल्द पूरी करने की अपील की है।
